जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में बेकाबू सांड का आतंक लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। गुरुवार सुबह शंकोसाई के गौड़ बस्ती इलाके में इस हिंसक सांड ने 61 वर्षीय माला सरकार पर हमला कर उनकी जान ले ली। इससे पहले बुधवार को ही सांड ने इलाके में दर्जन भर लोगों को घायल किया था। लगातार दो दिन तक चले इस आतंक ने पूरे मानगो इलाके में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।



जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम टाटा जूलॉजिकल पार्क की टीम ने सांड को ट्रैंक्यूलाइज कर बेहोश कर दिया था। लेकिन अंधेरा होने के कारण उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाना संभव नहीं हो सका और वह रातभर शंकोसाई इलाके में ही पड़ा रहा। गुरुवार सुबह जब सांड को होश आया, तो वह फिर से उग्र हो गया और गौड़ बस्ती की ओर भागा। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी माला सरकार पर उसने हमला कर दिया। स्थानीय लोगों ने घायल महिला को टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) पहुँचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद प्रशासन और टाटा जू की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सांड को पुनः ट्रैंक्यूलाइज कर जू अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, बुधवार को घायल हुए 15 लोगों में से अधिकांश का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है, जबकि एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति TMH में भर्ती है।
स्थानीय निवासियों ने नगर निगम और पशु विभाग से आवारा पशुओं की नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। लगातार दो दिन तक मानगो में फैला यह सांड आतंक इलाके के लोगों के लिए गहरी चिंता का कारण बना हुआ है।
