हजारीबाग : जिले के बरही चौक में रविवार रात्रि एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया, जब दो बाइक पर सवार हथियारबंद अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए जय माता दी ज्वेलर्स में बड़ी लूट को अंजाम दिया। घटना रात करीब 9:30 बजे हुई। अचानक हुई फायरिंग की आवाज़ से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे। सभी अपराधी हेलमेट पहने हुए थे, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है।

दुकान में घुसकर अपराधियों ने मालिक सुरेंद्र सोनी से 38 किलो सोना, 60 किलो चांदी और भारी मात्रा में नकदी लूट ली। इतने बड़े पैमाने पर हुई यह वारदात जिले में अब तक की सबसे बड़ी लूट मानी जा रही है। घटना के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में नाकेबंदी कर तलाशी अभियान चलाया, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों के संभावित रूट की जांच कर रही है।
लोगों ने रात में सुरक्षा व्यवस्था की कमी पर नाराज़गी जताई है। पुलिस ने दावा किया है कि वारदात में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
