हरियाणा : हरियाणा के पानीपत जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बच्ची की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक साइको किलर महिला को गिरफ्तार कर लिया है. महिला ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि जब भी कोई उससे सुंदर बच्ची या बच्चा दिखता था तो वह उसे मार देती थी. क्योंकि वह नहीं चाहती थी कि कोई उससे ज्यादा सुंदर दिखे. महिला ने यह भी खुलासा किया कि किसी को शक ना हो इसके लिए उसने अपने बेटे की भी हत्या कर दी थी. महिला ने बताया कि सुंदर बच्चियां उसकी टारगेट पर होती थीं. आरोपी महिला से पूछताछ में चौकाने वाले खुलासा हुआ है।
अपने बेटे सहित तीन की कर चुकी है हत्या……
महिला ने बताया कि उसने अबतक अपने बेटे सहित 3 बच्चों की हत्या कर चुकी है. तीनों बच्चों की मौत को परिजनों ने इत्तेफाकिया मौत समझा था. लेकिन अब उनकी मौत का खुलासा हो चुका है. दरअसल, बीते 1 दिसंबर को घर के स्टोर रूम में रखे पानी के टब में विधि नाम की बच्ची की लाश मिली थी. वह अपने परिवार के साथ नौल्था गांव में शादी समारोह में आई हुई थी।
साइको किलर महिला गिरफ्तार…..
बच्ची की हत्या की जांच के दौरान साइको किलर महिला गिरफ्तार हुई है. आरोपी महिला को सीआईए वन पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया. पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह IPS के नेतृत्व में पानीपत पुलिस को बच्ची की हत्या मामले में बड़ी सफलता मिली है. नौल्था गांव में हुई 6 वर्षीय बच्ची विधि की हत्या की वारदात का महज 36 घंटे में पर्दाफाश कर पानीपत पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार किया।
सभी को डुबोकर मारा…..
पुलिस की पूछताछ में महिला ने बताया कि उसने अभी तक कुल चार बच्चों को मारा है, जिसमें से एक उसका बेटा भी है. उसने बताया कि सभी को उसने डुबोकर मारा है. आरोपी महिला सिवाह गांव की बेटी है और सोनीपत जिले के गांव बोहड़ गांव में उसकी शादी हुई थी. महिला को आज अदालत में पेश कर आगामी पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा।
