जमशेदपुर : कोवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत डांगाम हाट बाजार से 4 माह के बच्चे के अपहरण मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 14 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस मामले में पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 जनवरी 2026 को रंगामटिया गांव निवासी प्रतिमा सरदार अपने तीन छोटे बच्चों के साथ डांगाम हाट बाजार में मुर्गी बेचने आई थीं। बाजार में अत्यधिक भीड़ होने के कारण उन्होंने अपनी 6 वर्षीय बेटी ममता सरदार को कुछ समय के लिए अपने 4 माह के बेटे इन्द्रदेव सरदार को संभालने के लिए कहा। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर एक अज्ञात महिला ने करीब दोपहर 3 बजे बच्चे का अपहरण कर लिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित परिवार ने शाम करीब 6 बजे पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक मुसाबनी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने लगातार छापेमारी करते हुए 14 घंटे के भीतर अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी झुमरानी मंडल (40 वर्ष), पति प्रभात मंडल, निवासी मेलाडीह, थाना कोवाली, जिला पूर्वी सिंहभूम को गिरफ्तार किया है। बरामद 4 माह के बच्चे इन्द्रदेव सरदार को उसकी मां प्रतिमा सरदार को सुरक्षित सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, इस अपहरण कांड में शामिल अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस सफल कार्रवाई में कोवाली, मुसाबनी और जादूगोड़ा थाना की पुलिस टीम सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस की तत्परता से बच्चे की सकुशल बरामदगी होने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस प्रशासन की सराहना की।
