जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद चुनावों को लेकर भाजपा जुगसलाई मंडल ने अपनी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है। संगठन स्तर पर बैठकों का दौर तेज हो गया है और चुनावी तैयारी अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिख रही है।

भाजपा नेता एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रकाश जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी नगर परिषद चुनाव में मेयर पद सहित जुगसलाई के सभी 22 वार्डों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को मैदान में उतारने की योजना पर गंभीरता से काम चल रहा है। इसके लिए मंडल स्तर पर संभावित प्रत्याशियों के नामों पर मंथन शुरू कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि भावी प्रत्याशियों की सूची शीघ्र ही वरिष्ठ नेताओं को सौंपी जाएगी, और चुनाव आयोग की अधिसूचना जारी होने से पहले सूची को अंतिम रूप दे दिया जाएगा, ताकि संगठन पूरी मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतर सके।
वरिष्ठ नेताओं और सामाजिक हस्तियों का मिल रहा समर्थन…..
प्रकाश जोशी के अनुसार, जुगसलाई मंडल के कई वरिष्ठ भाजपा नेता स्वयं चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। वहीं, जुगसलाई क्षेत्र के कई कद्दावर सामाजिक नेताओं ने भी भाजपा से संपर्क कर समर्थन देने की इच्छा जताई है, जिससे संगठन का मनोबल और अधिक मजबूत हुआ है।
कार्यकर्ताओं की राय से तय होंगे प्रत्याशी…..
उन्होंने स्पष्ट किया कि समर्थित प्रत्याशियों की अंतिम सूची मंडल के सक्रिय कार्यकर्ताओं से विचार-विमर्श के बाद ही तय की जाएगी, ताकि चुनाव में कार्यकर्ताओं की पूर्ण सहभागिता और एकजुटता सुनिश्चित की जा सके।
इस दिशा में मंडल अध्यक्ष हेमेंद्र जैन द्वारा सभी कार्यकर्ताओं के बीच सामंजस्य स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वार्ड स्तर पर किसी भी प्रकार की आपसी प्रतिद्वंदिता से बचा जा सके और भाजपा एकजुट होकर चुनावी चुनौती का सामना करे।
