जमशेदपुर : शहर के एमजीएम अस्पताल में उस वक्त हालात बेकाबू हो गए, जब विधायक प्रतिनिधि पप्पू सिंह के बेटे से जुड़े मारपीट के मामले की कवरेज कर रहे एक पत्रकार पर उग्र भीड़ ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने पत्रकार के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की, साथ ही उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया।



घटना के दौरान पत्रकार अस्पताल परिसर में अपना कर्तव्य निभाते हुए वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहा था। इसी दौरान समता नगर रोड नंबर-15 के रहने वाले कुछ बाहरी असामाजिक तत्वों ने उसे घेर लिया और हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
विवाद की जड़ : बाइक पैर पर चढ़ाने से शुरू हुआ झगड़ा……
मिली जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत समता नगर रोड नंबर-15 में हुई, जहां कुछ युवकों द्वारा पप्पू सिंह के बेटे के पैर पर बाइक चढ़ा दी गई। यह मामूली सी घटना देखते-ही-देखते बड़े विवाद में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। घायल युवकों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लाया गया, जहां बाद में मामला और बिगड़ गया।
अस्पताल में असामाजिक तत्वों का उत्पात……
बताया जा रहा है कि हमले में शामिल अधिकतर युवक समता नगर इलाके के बाहरी थे। विधायक प्रतिनिधि के बेटे से जुड़े होने के कारण वे इतने आक्रोशित थे कि अस्पताल परिसर को ही रणक्षेत्र बना दिया। घायल मरीजों और उनके परिजनों के बीच हुई इस हिंसा ने अस्पताल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पत्रकार जगत में आक्रोश, सख्त कार्रवाई की मांग……
इस घटना के बाद जमशेदपुर के पत्रकार जगत में भारी रोष व्याप्त है। प्रेस क्लब और स्थानीय पत्रकारों ने जिला प्रशासन और पुलिस से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। पत्रकारों ने आरोपियों की पहचान कर अविलंब गिरफ्तारी, छीने गए मोबाइल की बरामदगी और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।



