जमशेदपुर : शहर में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा एक्शन देखने को मिला। टाटा स्टील और जुस्को (JNAC) के संयुक्त अभियान के तहत शुक्रवार को टेल्को के मनीफिट इलाके में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रशासन ने करीब 15 दुकानों को हटाकर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया. बताया जा रहा है कि ये दुकानें करीब 50 साल पहले बनाई गई थीं और लंबे समय से इस मामले को लेकर न्यायालय में सुनवाई चल रही थी। अंततः अदालत ने टाटा स्टील के पक्ष में फैसला सुनाया, जिसके बाद कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया।
सूत्रों के अनुसार, अदालत के फैसले के बाद दुकानदारों को पहले ही नोटिस देकर दुकान खाली करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन समय सीमा के बावजूद दुकान खाली नहीं की गई। इसके बाद जिला प्रशासन और टाटा स्टील की टीम मौके पर पहुंची और सभी दुकानों को ध्वस्त कर दिया. कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध भी जताया, लेकिन न्यायालय के आदेश और प्रशासन की मौजूदगी के आगे किसी की नहीं चली और सभी दुकानों को जमींदोज कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि शहर के सौंदर्यीकरण और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से टाटा स्टील ने न्यायालय में आवेदन दिया था। इसी के आधार पर मनीफिट इलाके में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई. फिलहाल इस कार्रवाई के बाद इलाके में हलचल तेज है और लोगों के बीच इस मुद्दे को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।
