जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित जोन नंबर-6 में बंद पड़े एक मकान को चोरों ने निशाना बनाया है । शनिवार की देर रात अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद रविवार को मामला थाने तक पहुंचा। यहां पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि मकान मालिक सुमन कुमार सिंह का पूरा परिवार बेंगलुरु में शिफ्ट हो चुका है और वे कभी-कभार ही जमशेदपुर स्थित अपने घर आते हैं। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने सुनसान पड़े घर को निशाना बनाया। चोरी की इस घटना में चोरों के हाथ मुख्य रूप से सीसीटीवी से जुड़े उपकरण लगे हैं। घर में नकदी या जेवर नहीं होने के कारण अन्य कीमती सामान सुरक्षित रहा। हालांकि, चोरों ने निगरानी प्रणाली को ही नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि चोरी की पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया है, जिसकी पहचान करने में पुलिस जुटी हुई है। घटना शनिवार आधी रात से लेकर रविवार अहले सुबह के बीच की बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि मामले का खुलासा हो सके।
