जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र स्थित डिमना लेक में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब घूमने आए लोगों की नजर पानी में तैरते एक अज्ञात महिला के शव पर पड़ी। अचानक सामने आए इस दृश्य से इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला पीले रंग का सलवार-सूट पहने हुए थी। लेक किनारे घूमने के दौरान जैसे ही लोगों की नजर पानी की ओर गई, शव दिखाई दिया, जिसके बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया।



सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को पानी से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के थानों में शव की तस्वीर भेजी गई है और गुमशुदगी के मामलों से मिलान कर पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
मौत के कारणों को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। प्रथम दृष्टया यह तय नहीं हो पाया है कि मामला हादसे का है या फिर हत्या के बाद शव को लेक में फेंका गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी. घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, जबकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच में जुट गई है।



