जमशेदपुर : सुंदरनगर क्षेत्र में रामनवमी का पर्व शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न होने पर श्रीनिवास अखाड़ा समिति सुंदरनगर की ओर से स्थानीय पुलिस प्रशासन के प्रति आभार प्रकट किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में समिति के सदस्यों ने प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रिय भूमिका की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान रामनवमी जुलूस को सफल बनाने में उत्कृष्ट योगदान के लिए सुंदरनगर थाना प्रभारी अजीत कुमार मुण्डा एवं उपनिरीक्षक मिथुन स्वर्णकार को समिति की ओर से अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। समिति के सदस्यों ने कहा कि पुलिस की मुस्तैदी और सतत निगरानी के कारण पूरे क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रही।
समिति के लाइसेंसी संतन कुमार ओझा ने कहा कि थाना प्रभारी के सहयोग से ही इतने बड़े आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सका। उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन ने दिन-रात सतर्क रहकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की और लगातार क्षेत्र में गश्त की, जिससे पूजा एवं विसर्जन जुलूस शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
वहीं थाना प्रभारी अजीत कुमार मुण्डा ने सम्मान के लिए समिति एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रामनवमी जैसे बड़े धार्मिक आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना एक चुनौतीपूर्ण कार्य होता है। उन्होंने कहा कि यह सफलता पुलिस प्रशासन के साथ-साथ शहरवासियों, आयोजकों एवं विभिन्न समितियों के सहयोग का परिणाम है। सभी ने अनुशासन और भाईचारे का परिचय दिया, जिससे पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सका।
इस मौके पर संरक्षक पप्पू कुमार वर्मा, शैलेन्द्र सिंह, अमित मोदी, रामकृष्णा मिश्रा, सुभाष सिंह, भवेश प्रसाद, कंचन ओझा, उज्जवल पाठक, सोनू सोनी, कृष्णा वर्मा, मदन मिश्रा सहित समिति के कई सदस्य उपस्थित थे।
