जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरुद्वारा बस्ती, मुंसा सिंह बागान की निवासी परविंदर कौर ने भाजपा की एक स्थानीय कार्यकर्ता लक्की कौर पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोपों के अनुसार, लक्की कौर स्वयं को साकची क्षेत्र की प्रभावशाली पदाधिकारी बताकर लोगों को गुमराह करती हैं, जबकि वह कथित तौर पर केवल बूथ संख्या 301 की अध्यक्ष हैं।



परविंदर कौर ने आरोप लगाया कि लक्की कौर बस्ती में लोगों को प्रताड़ित करने, झूठे मामलों में फंसाने, जमीन और घरों के विवाद खड़े कर दोनों पक्षों से पैसे वसूलने जैसे कामों में संलिप्त हैं। उनका कहना है कि इन आरोपों के समर्थन में उनके पास फोटो और वीडियो सहित ठोस साक्ष्य मौजूद हैं।
नाले पर अतिक्रमण से बढ़ा खतरा……
मामले का एक अहम पहलू टिस्को कंपनी के नाले से जुड़ा है, जो स्वर्णरेखा नदी तक जाता है। परविंदर कौर के अनुसार, हर साल बरसात से पहले इस नाले की सफाई के लिए जेसीबी मशीन का उपयोग किया जाता है और इसके लिए एक विशेष रास्ता छोड़ा गया है। आरोप है कि लक्की कौर अपनी बहन ममता दास के साथ मिलकर इसी रास्ते पर अतिक्रमण कर रही हैं, जिससे बरसात के दौरान बस्ती में जलभराव का खतरा बढ़ सकता है।
प्रशासनिक अधिकारियों से भी दुर्व्यवहार का आरोप……
पीड़िता का कहना है कि इस संबंध में लैंड डिपार्टमेंट, डीसी ऑफिस, एसपी ऑफिस, एसडीओ ऑफिस और जेएनएसी में शिकायत की जा चुकी है। बावजूद इसके, जब-जब अधिकारी मौके पर पहुंचे, लक्की कौर ने उनके साथ भी कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया। अधिकारियों के लौटने के बाद बस्तीवासियों को गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।
हमला और एफआईआर वापस लेने का दबाव…..
परविंदर कौर ने बताया कि 17 दिसंबर 2025 को उन पर जानलेवा हमला किया गया। इसके बाद जब उन्होंने एफआईआर दर्ज कराई, तो 18 दिसंबर को लक्की कौर अपने सहयोगियों के साथ हथियार लेकर उनके घर पहुंचीं और केस वापस लेने के लिए धमकाया। इस घटना का वीडियो होने का दावा भी किया गया है।
इसके अलावा 16 अप्रैल 2026 को भी कथित रूप से लक्की कौर अपने परिवार के साथ उनके घर पहुंचकर मारपीट और हंगामा किया, जिसका वीडियो भी पीड़िता के पास मौजूद होने की बात कही गई है।
राजनीतिक संरक्षण का आरोप….
परविंदर कौर ने आरोप लगाया कि लक्की कौर भाजपा और एक वरिष्ठ नेत्री “पूर्णिमा मैडम” के नाम का गलत इस्तेमाल करती हैं और खुद को उनका करीबी बताकर लोगों को डराती हैं। उनका कहना है कि इस तरह के व्यवहार से पार्टी की छवि खराब हो रही है और कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ रहा है।
कार्रवाई नहीं होने पर मीडिया का सहारा……
पीड़िता ने बताया कि कई बार थाने में शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद अब उन्होंने मीडिया का रुख किया है।
प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग…..
इस पूरे मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि बस्ती में शांति और कानून व्यवस्था बनी रह सके।
