जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार दोपहर निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। करीब 20 फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निर्माणाधीन कंपनी जयसवाल इंटरप्राइजेज में मजदूर ऊंचाई पर काम कर रहे थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से चार मजदूर नीचे गिर पड़े। हादसे के तुरंत बाद सभी को एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रामू मुर्मू (30) और लखींद्र हांसदा (28) को मृत घोषित कर दिया। दोनों मृतक गम्हरिया के नीलडूंगरी निवासी थे।
इस हादसे में ठाकुर बेसरा और रंजीत जैना नामक दो मजदूर घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। साथी मजदूरों ने आरोप लगाया कि ऊंचाई पर काम कराने के बावजूद उन्हें किसी प्रकार का सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराया गया था। उनका कहना है कि सेफ्टी बेल्ट और हेलमेट की कमी के कारण यह हादसा हुआ।
घटना के बाद निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतकों के परिजनों ने कंपनी से उचित मुआवजे की मांग की है। वहीं, आरआईटी थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. गौरतलब है कि आदित्यपुर समेत जमशेदपुर क्षेत्र में निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी लगातार सामने आ रही है, जिससे मजदूरों की जान जोखिम में पड़ रही है।