लोकतंत्र सवेरा/कोलकाता : पश्चिम बंगाल की सियासत में एक बार फिर हाई-वोल्टेज मुकाबले के संकेत मिल रहे हैं। शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बढ़त बनाकर सबको चौंका दिया है, जबकि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) भी कड़ी टक्कर देती नजर आ रही है। राज्य की कई अहम सीटों पर मुकाबला बेहद करीबी बना हुआ है, जिससे सियासी पारा चढ़ गया है।



सूत्रों के अनुसार, शुरुआती गिनती में भाजपा ने शहरी और सीमावर्ती इलाकों में बढ़त बनाई है, जबकि टीएमसी ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी पकड़ बनाए रखने की कोशिश में जुटी है। कई सीटों पर वोटों का अंतर बेहद कम है, जिससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि इस बार मुकाबला एकतरफा नहीं रहने वाला. अगर पिछले चुनाव की बात करें, तो वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में टीएमसी ने जबरदस्त जीत हासिल करते हुए करीब 213 सीटों पर कब्जा जमाया था, जबकि भाजपा 77 सीटों पर सिमट गई थी। उस समय ममता बनर्जी के नेतृत्व में टीएमसी ने भाजपा के आक्रामक अभियान को करारा जवाब दिया था।
लेकिन इस बार शुरुआती रुझान अलग कहानी बयां कर रहे हैं। भाजपा जहां अपनी खोई जमीन वापस पाने की कोशिश में दिख रही है, वहीं टीएमसी अपनी सत्ता बचाने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अंतिम परिणाम तक तस्वीर कई बार बदल सकती है, क्योंकि अभी सिर्फ शुरुआती रुझान ही सामने आए हैं। जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ेगी, असली तस्वीर साफ होगी।
फिलहाल इतना तय है— बंगाल की सियासत में इस बार ‘खेला’ रोमांचक होने वाला है!
