जमशेदपुर : शहर में लगातार बढ़ रही स्नैचिंग की घटनाओं के बीच कदमा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। महिलाओं से गहनों की छिनतई करने वाले दो स्नैचर्स को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं छीने गए गहनों को खरीदकर गलाने वाले ज्वेलर को भी पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने तीन सोने की अंगूठियां, घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी तथा 15 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।



गुरुवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेसवार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया। गिरफ्तार आरोपियों में आदित्यपुर निवासी प्रकाश पटेल, कदमा निवासी प्रीतम सिंह तथा सोनारी निवासी निखिल सोनी शामिल हैं। निखिल सोनी कदमा स्थित जेपी ज्वेलर्स का संचालक बताया जा रहा है।
महिला से चेन छीनकर हुए थे फरार…..
जानकारी के अनुसार 2 मई को कदमा थाना क्षेत्र के अनिल सूरपथ रोड में स्कूटी सवार दो अपराधियों ने अनिता चौधरी नामक महिला से सोने की चेन छीन ली थी और मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया. तकनीकी जांच और लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने 6 मई को टाटा वर्कर्स यूनियन हाई स्कूल के समीप से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने स्नैचिंग की वारदात स्वीकार कर ली।
चेन गलाकर बना दी गई तीन अंगूठियां…..
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि छीनी गई सोने की चेन को कदमा स्थित जेपी ज्वेलर्स के संचालक निखिल सोनी को बेच दिया गया था। आरोपी ज्वेलर ने चेन को गलाकर तीन सोने की अंगूठियों में बदल दिया था। पुलिस ने छापेमारी कर अंगूठियां बरामद कर लीं और ज्वेलर को भी गिरफ्तार कर लिया।
मुख्य आरोपी का रहा है आपराधिक इतिहास……
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी प्रकाश पटेल का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ चोरी, छिनतई और आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले पहले से दर्ज हैं।
शहर में सक्रिय हैं अलग-अलग स्नैचिंग गैंग…..
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि हाल के दिनों में शहर में हुई अन्य स्नैचिंग घटनाओं से गिरफ्तार आरोपियों का सीधा संबंध नहीं मिला है। पुलिस जांच में सामने आया है कि शहर में अलग-अलग गैंग सक्रिय हैं, जो अलग-अलग इलाकों में महिलाओं को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि पकड़े गए अपराधियों के वारदात करने का तरीका अन्य मामलों से अलग है। पुलिस शहर में सक्रिय अन्य स्नैचिंग गैंगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चला रही है।