चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी थाना क्षेत्र में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब सब्जी बेचने जा रहे एक ग्रामीण पर तीर-कमान से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमलावर ने ग्रामीण पर ताबड़तोड़ तीर चलाए, जिनमें दो तीर उसके शरीर में जा धंसे। गंभीर रूप से घायल ग्रामीण को इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।



घटना बेटेया गांव की बताई जा रही है। घायल की पहचान चोया बिरुली के रूप में हुई है। बताया गया कि शनिवार सुबह वह अपने गांव से सब्जियां लेकर जोड़ापोखर हाट बेचने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे चिड़ियापहाड़ी गांव निवासी दोपे बिरुली ने उस पर हमला बोल दिया।
घायल चोया बिरुली ने बताया कि आरोपी ने उस पर करीब 20 तीर चलाए। अचानक हुए हमले से वह कुछ समझ पाता, उससे पहले कई तीर उसकी ओर छोड़े गए, जिनमें दो तीर सीधे उसके शरीर में जा लगे। गंभीर रूप से घायल होने के कारण वह सड़क पर ही गिर पड़ा।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास से गुजर रहे लोगों ने घायल को तड़पता देखा और तत्काल इसकी सूचना झींकपानी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया।
इधर, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को घटना का कारण माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद इलाके के लोग दहशत में हैं।
