झारखंड : पश्चिमी सिंहभूम जिले से इस वक्त की एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। सोनुवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पोड़ाहाट जंगल के घने केड़ाबीर इलाके में आज तड़के सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच एक भीषण मुठभेड़ (Encounter) हुई है। इस मुठभेड़ में कई नक्सलियों के मारे जाने की प्रारंभिक सूचना मिल रही है। सुरक्षाबलों ने मौके से भारी मात्रा में नक्सली सामग्री और हथियार भी बरामद किए हैं। हालांकि, अधिकारिक तौर पर हताहतों की संख्या की पुष्टि होना अभी बाकी है।



तड़के सुबह शुरू हुई ताबड़तोड़ फायरिंग
मिली जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबलों को पोड़ाहाट के जंगलों में नक्सलियों के एक बड़े दस्ते की मौजूदगी का इनपुट मिला था। इसी सूचना के आधार पर कोबरा (CoBRA) 209 बटालियन, सीआरपीएफ (CRPF) और जिला पुलिस के जवानों ने संयुक्त रूप से एक विशेष सर्च ऑपरेशन (LRP) शुरू किया।
आज मंगलवार सुबह करीब 6:00 बजे जैसे ही जवानों की टीम केड़ाबीर गांव के समीप पहाड़ी इलाके में पहुंची, घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने अत्याधुनिक हथियारों से जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी तुरंत मोर्चा संभालते हुए नक्सलियों को कड़ा जवाब दिया और जवाबी कार्रवाई शुरू की। खुद को चौतरफा घिरता देख नक्सली घने जंगल और पहाड़ों की आड़ लेकर पीछे भागने पर मजबूर हो गए।
एसपी ने की पुष्टि, इलाके में हाई अलर्ट
मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक (SP) ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जवानों की मुस्तैदी और कड़े तेवर के कारण नक्सली भाग खड़े हुए हैं। पूरे पोड़ाहाट, गोइलकेरा और सारंडा वन क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। नक्सलियों के भागने के सभी संभावित रास्तों (एग्जिट पॉइंट्स) को सील कर दिया गया है और अतिरिक्त सुरक्षाबलों को मौके पर रवाना किया गया है।
मिसिर बेसरा दस्ते के शामिल होने की आशंका
सूत्रों का कहना है कि इस इलाके में पिछले कुछ समय से माओवादियों के शीर्ष कमांडर मिसिर बेसरा और सालुका कायम के दस्ते की हलचल देखी जा रही थी। हाल ही में इस बेल्ट में सुरक्षाबलों द्वारा नक्सलियों के खिलाफ लगातार आक्रामक अभियान चलाया जा रहा है, जिससे नक्सली संगठनों में भारी बौखलाहट है। फिलहाल पोड़ाहाट के जंगलों में जवानों का सर्च ऑपरेशन बेहद तेज गति से जारी है और पूरे कोल्हान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है।



