घाटशिला। घाटशिला थाना क्षेत्र के बनकटी गांव से लापता 14 वर्षीय नाबालिग बालक को पुलिस ने देर रात सकुशल बरामद कर लिया। बालक के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली. जानकारी के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 को बनकटी गांव निवासी एक व्यक्ति ने घाटशिला थाना में अपने लगभग 14 वर्षीय पुत्र के लापता होने की सूचना दी। बालक कक्षा आठवीं का छात्र है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह सुबह करीब 7:30 बजे बाल कटवाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन काफी देर बाद भी वापस नहीं लौटा।

बालक के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की और मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही घाटशिला थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल तलाश अभियान शुरू किया। पुलिस टीम ने परिजनों के साथ मिलकर आसपास के इलाकों, संभावित ठिकानों और अन्य स्थानों पर लगातार खोजबीन की। साथ ही बालक के संबंध में विभिन्न माध्यमों से जानकारी जुटाई गई।
लगातार प्रयास और सघन खोजबीन के बाद पुलिस को देर रात सफलता मिली। लापता बालक को गमहरिया स्थित उसके मामा के घर से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। बालक के सकुशल मिलने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली और उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।