जमशेदपुर। जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित गोलछा मार्केट के पास यूनिक कलेक्शन कपड़ा दुकान में हुई फायरिंग मामले में पुलिस जांच के बीच नया मोड़ सामने आया है। मामले में नाम सामने आने के बाद मानगो के मानिफिट क्षेत्र निवासी सागर उपाध्याय ने शनिवार को जुगसलाई थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। सूत्रों के अनुसार सागर पिछले दो दिनों से फरार चल रहा था और पुलिस लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी।



बताया जा रहा है कि पुलिस ने पूछताछ के लिए दो दिन पहले सागर के पिता को थाना लाया था। इसी दबाव के बाद सागर ने थाना पहुंचकर सरेंडर कर दिया। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने इस संबंध में आधिकारिक रूप से कुछ भी कहने से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
गौरतलब है कि शुक्रवार शाम करीब चार बजे जुगसलाई स्टेशन रोड स्थित नगर परिषद कार्यालय के समीप यूनिक कलेक्शन नामक रेडीमेड कपड़ा दुकान में अपराधियों ने घुसकर फायरिंग की थी। घटना में दुकान संचालक बिनेश कुमार बेरिया उर्फ दिनेश कुमार केडिया बाल-बाल बच गए थे। गोली उनके सिर और कान के ऊपर से गुजर गई थी। वारदात के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी ललित मीणा, पुलिस उपाधीक्षक (विधि व्यवस्था) तौक़ीर आलम और जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने घटनास्थल से खोखा बरामद किया था और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद हुई थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग रंगदारी, आपसी रंजिश या किसी अन्य विवाद के कारण की गई थी। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।



