जमशेदपुर: शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शुमार बिष्टुपुर स्थित टीएमएच गोलचक्कर पर सोमवार दोपहर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।



मृतक की पहचान जुगसलाई पीबी रोड निवासी मो. हुसाम अख्तर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मो. हुसाम अख्तर अपनी बाइक से यूनाइटेड क्लब की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बिष्टुपुर की दिशा में जा रहे एक दमकल वाहन से टीएमएच गोलचक्कर के समीप उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर दमकल वाहन के नीचे चली गई और युवक वाहन के पहिए की चपेट में आ गया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक सड़क पर तड़पता रहा। घटना देख मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद लोगों और पुलिसकर्मियों की मदद से घायल युवक को घटनास्थल से निकालकर टेंपो के जरिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया गया।
हालांकि अस्पताल में इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इधर, बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने बाइक और दमकल वाहन को जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर शहर के व्यस्त गोलचक्करों और प्रमुख मार्गों पर यातायात सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि टीएमएच गोलचक्कर पर लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव के बीच सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए जाने की जरूरत है।


