पटना : बिहार की लोकप्रिय लोकगायिका मैथिली ठाकुर 26 साल की उम्र में ही विधानसभा पहुंच गई हैं। अलीनगर से विधायक चुनी गई मैथिली ने सोमवार को विधानसभा सदस्य के तौर पर शपथ ली। अपने शपथ ग्रहण को लेकर चर्चित गायिका काफी उत्साहित नजर आ रही थीं। उन्होंने मीडिया का भी अभिवादन किया और कहा कि अपने क्षेत्र की जनता के लिए लगातार काम करूंगी। शपथ ग्रहण के खास मौके पर वह मिथिला की संस्कृति में रंगी हुई नजर आईं।

मैथिली ठाकुर ने शपथ ग्रहण के खास मौके के लिए मधुबनी प्रिंट की साड़ी चुनी थी। यह साड़ी अब पूरी दुनिया में जानी जाती है। मधुबनी पेंटिंग वाली इस साड़ी में युवा एमएलए काफी ग्रेसफुल लग रही थीं। उन्होंने सिर पर पारंपरिक पाग भी पहना था और मैथिली भाषा में उन्होंने शपथ ली।
मैथिली ने कहा, ‘दिन-रात काम करूंगी’
अलीनगर से विधायक बनीं मैथिली इस विधानसभा की सबसे युवा सदस्य हैं। वह अपने लोकगीतों की वजह से सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहती हैं। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मैं अपने क्षेत्र की जनता के विकास के लिए दिन-रात काम करूंगी। अब छुट्टी शब्द भूल चुकी हूं।
