जबलपुर : मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में नर्मदा नदी पर बने बरगी बांध में क्रूज नाव पलटने की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। शुक्रवार तड़के बचाव अभियान के दौरान डूबी नाव से पांच और शव बरामद किए गए, जबकि गुरुवार को चार शव मिले थे। अब भी छह लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है. अधिकारियों के अनुसार, हादसे में अब तक 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं।



मध्यप्रदेश के पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने बताया कि गुरुवार शाम अचानक आए तेज तूफान के कारण क्रूज नाव असंतुलित होकर पलट गई, जिससे यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी तथा लाइफ जैकेट उपलब्धता के मुद्दे की भी जांच होगी।
जबलपुर के पुलिस उप महानिरीक्षक अतुल सिंह के अनुसार, आशंका है कि कुछ शव अब भी नाव के भीतर फंसे हो सकते हैं, लेकिन कम दृश्यता के कारण सटीक स्थिति का पता लगाना कठिन हो रहा है. प्रशासन के अनुसार, सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के साथ जल संसाधन एवं लोक निर्माण विभाग की टीमें भी अभियान में सहयोग कर रही हैं। इसके अलावा पास स्थित एक जल संयंत्र की निर्माण एजेंसी भी तकनीकी सहायता प्रदान कर रही है।
