पटना : राजधानी पटना में चर्चित शिक्षक और यूट्यूबर Khan Sir की कोचिंग संस्थान में मंगलवार देर रात कुछ युवकों द्वारा घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में कोचिंग का एक सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि परिसर में लगे पोस्टरों को फाड़ दिया गया और अन्य सामानों को भी नुकसान पहुंचाया गया। घायल गार्ड को इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।



घटना की सूचना मिलते ही खान सर कोचिंग संस्थान पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
फीस घटाने के बाद मिली थी धमकी : खान सर……
घटना के बाद खान सर ने दावा किया कि कुछ समय पहले उन्होंने अपने संस्थान की फीस में कमी की थी। इसके बाद कुछ कोचिंग संचालकों की ओर से उन्हें धमकी मिलने लगी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें कोचिंग संस्थान को बम से उड़ाने तक की धमकी दी गई थी।
हालांकि, उन्होंने किसी व्यक्ति या संस्थान का नाम नहीं लिया, लेकिन आशंका जताई कि मंगलवार रात हुई घटना के पीछे वही लोग हो सकते हैं जो फीस कम किए जाने से नाराज थे।
गार्ड के साथ मारपीट, पोस्टर फाड़े…..
खान सर के अनुसार, हमलावरों ने कोचिंग परिसर में प्रवेश कर जमकर हंगामा किया। इस दौरान सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की गई, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। परिसर में लगे कई पोस्टरों को भी फाड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि यह घटना डराने और दबाव बनाने की कोशिश प्रतीत होती है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस……
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Kartikeya Sharma ने बताया कि कोचिंग संस्थान में मारपीट और तोड़फोड़ की सूचना प्राप्त हुई है। घायल गार्ड का बयान दर्ज किया जा रहा है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
फायरिंग के प्रमाण नहीं मिले : डीएसपी…..
टाउन डीएसपी Rajesh Ranjan ने बताया कि प्रारंभिक जांच में फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। अब तक मिले सीसीटीवी फुटेज में केवल मारपीट और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं।
पुलिस के अनुसार, करीब 10 से 12 युवक पैदल कोचिंग परिसर पहुंचे थे। पहले दो-तीन युवक पहुंचे और बाद में अन्य लोग भी वहां आ गए। सभी उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज की गहन जांच की जा रही है।
सोशल मीडिया पर चर्चा तेज…..
खान सर की लोकप्रियता को देखते हुए यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गया है। छात्र एवं उनके समर्थक दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।



