कांटाटोली चौक के पास बाइक सवार तीन अपराधियों ने तानी पिस्टल, नामकुम की ओर फरार…. पुलिस जांच में जुटी
रांची : बहुचर्चित कमल भूषण हत्याकांड के सरकारी गवाह मुनव्वर अफाक पर रविवार सुबह कथित तौर पर हमले का प्रयास किया गया। कांटाटोली चौक के पास सुबह करीब 8:15 बजे सड़क किनारे खड़े मुनव्वर पर बाइक सवार तीन युवकों ने कथित रूप से पिस्टल तान दी। इसी दौरान पिस्टल से गोली नहीं चलने यानी मिसफायर होने के कारण मुनव्वर बाल-बाल बच गया। घटना के बाद हमलावर बाइक से नामकुम की ओर फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही लोअर बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

दो हमलावरों की पहचान का दावा…..
मुनव्वर अफाक ने पुलिस को बताया है कि बाइक पर आए हमलावरों में से दो की पहचान एलेक्स और कटला के रूप में हुई है। उसके अनुसार, दोनों कथित तौर पर कुख्यात अपराधी हैं और उनके उग्रवादी संगठन पीएलएफआई से जुड़े होने का भी दावा किया गया है। पुलिस इन दावों की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है।
डब्लू कुजूर के इशारे पर हमले की आशंका…..
मुनव्वर अफाक ने हमले के पीछे कमल भूषण हत्याकांड में सजा पाए डब्लू कुजूर और राहुल कुजूर की कथित भूमिका की आशंका जताई है। उसका कहना है कि सरकारी गवाह बनने के बाद उसे पहले भी धमकियां मिली थीं। मुनव्वर की गवाही मामले की सुनवाई के दौरान महत्वपूर्ण रही थी. कमल भूषण हत्याकांड में 22 सितंबर 2025 को अदालत ने फैसला सुनाते हुए दोषी राहुल कुजूर, डब्लू कुजूर और काविस अदनान को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। वहीं सरकारी गवाह बने मुनव्वर अफाक को अदालत ने बरी कर दिया था। मामले के अन्य आरोपी छोटू कुजूर समेत कुछ अन्य आरोपी अब भी जेल में हैं और उनके खिलाफ मुकदमे की कार्यवाही चल रही है।
30 मई 2022 को हुई थी कमल भूषण की हत्या……
गौरतलब है कि 30 मई 2022 को पिस्का मोड़ स्थित देवी मंडप रोड पर गैलेक्सिया मॉल के पास अपराधियों ने गोली मारकर कमल भूषण की हत्या कर दी थी। घटना के समय कमल भूषण किसी व्यक्ति से फोन पर बातचीत कर रहे थे. पुलिस जांच के दौरान सामने आए मामले के अनुसार, कमल भूषण और डब्लू कुजूर के बीच जमीन के कारोबार को लेकर संबंध थे। डब्लू कुजूर की ओर से कमल भूषण पर करोड़ों रुपये बकाया होने का दावा किए जाने की बात सामने आई थी। इसी बीच डब्लू कुजूर के बेटे राहुल के कमल भूषण की बेटी से प्रेम विवाह के बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद और बढ़ गया था। पैसों के लेनदेन और पारिवारिक विवाद को भी हत्याकांड की पृष्ठभूमि से जोड़कर देखा गया था।
अकाउंटेंट संजय कुमार की भी हुई थी हत्या…….
कमल भूषण की हत्या के बाद उसके अकाउंटेंट संजय कुमार से कथित तौर पर पैसों की मांग किए जाने की बात जांच में सामने आई थी। संजय कुमार कमल भूषण के आर्थिक मामलों की देखरेख करता था। आरोप है कि पैसे देने से इनकार करने के बाद उसकी भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. फिलहाल सरकारी गवाह मुनव्वर अफाक पर हमले के प्रयास के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। हमलावरों की पहचान, हमले के पीछे की वजह और कथित साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
