नई दिल्ली : चीन के तिब्बत क्षेत्र में आए शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। भूकंप के कारण कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 54 अन्य घायल हुए हैं। घायलों में 11 की हालत गंभीर बताई गई है। तेज झटकों से कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि कम से कम 339 मकान ढहने की सूचना है।
## मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी…….
भूकंप के बाद पुलिस, अग्निशमन विभाग और बचाव दल राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए हैं। प्रभावित इलाकों में मलबे के नीचे लोगों के दबे होने की आशंका के मद्देनजर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। घायलों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ बेघर हुए परिवारों के लिए अस्थायी आश्रय की व्यवस्था की जा रही है। राहत दल जरूरतमंदों तक तंबू और आवश्यक सहायता पहुंचा रहे हैं।
## 7.0 तीव्रता का भूकंप, कई झटकों से दहशत……
चीन भूकंप नेटवर्क केंद्र के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 7.0 मापी गई। इसका केंद्र नागकू क्षेत्र में जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे बताया गया है। भूकंप का केंद्र राजधानी ल्हासा से लगभग 400 किलोमीटर दूर था। मुख्य झटके के बाद आसपास के इलाकों में तीन से चार तीव्रता के कई झटके भी महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।
## ऊंचाई वाला इलाका, बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण……
प्रभावित क्षेत्र समुद्र तल से औसतन करीब 4,864 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। ऐसे में दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियां राहत एवं बचाव अभियान को चुनौतीपूर्ण बना सकती हैं। प्रशासन क्षतिग्रस्त इमारतों का आकलन करने और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटा है. भूकंप में हुई जनहानि और संपत्ति के नुकसान का विस्तृत आकलन जारी है। राहत दलों की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को निकालना, घायलों का उपचार और प्रभावित परिवारों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना है।


