जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के बेलाजुड़ी पंचायत अंतर्गत मिलियंतो गांव में एक दुखद घटना सामने आई है। पार्टी में खाना खाने के दौरान एक युवक के गले में रसगुल्ला फंस जाने से उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 41 वर्षीय ललित सिंह के रूप में हुई है, जो मिलियंतो गांव के निवासी थे।



मिली जानकारी के अनुसार, ललित सिंह गांव के ही एक व्यक्ति के घर आयोजित पार्टी में शामिल होने गए थे। परिवार के अधिकतर लोग खाना खा चुके थे और ललित सिंह भी खाना खा रहे थे। इसी दौरान उनके गले में रसगुल्ला फंस गया, जिससे उनकी हालत अचानक बिगड़ने लगी और वे बेचैन हो गए. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें पानी पिलाया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद परिजन उन्हें तुरंत एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया। बताया जा रहा है कि ललित सिंह की मौत गले में रसगुल्ला फंसने के कारण हुई है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो पाएगी. इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
