नई दिल्ली : टी-20 विश्व कप में भारत के खिलाफ 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले मुकाबले के बहिष्कार को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने पाकिस्तान को सख्त चेतावनी दी है। आईसीसी ने स्पष्ट किया है कि यदि पाकिस्तान ने मैच नहीं खेला या बहिष्कार किया, तो उसे इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। आईसीसी की ओर से कहा गया है कि अब तक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की तरफ से किसी भी प्रकार की आधिकारिक सूचना या पुष्टि नहीं की गई है। परिषद ने उम्मीद जताई है कि सभी मुकाबले तय कार्यक्रम के अनुसार ही खेले जाएंगे।



आईसीसी सूत्रों के अनुसार, भारत-पाकिस्तान मुकाबला टूर्नामेंट का सबसे महत्वपूर्ण और हाई-वोल्टेज मैच है, जिसे लेकर किसी भी तरह की अनिश्चितता प्रतियोगिता की छवि को नुकसान पहुँचा सकती है। ऐसे में परिषद स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
15 फरवरी को होना है भारत-पाकिस्तान महामुकाबला…..
गौरतलब है कि टी-20 विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को कोलंबो में मैच निर्धारित है। इस मुकाबले को लेकर दोनों देशों के क्रिकेट प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह है।
नियमों के तहत कार्रवाई संभव…..
आईसीसी नियमों के अनुसार, यदि कोई टीम निर्धारित मैच नहीं खेलती है तो—विरोधी टीम को पूरे अंक मिल सकते हैं, संबंधित बोर्ड पर जुर्माना लगाया जा सकता है, भविष्य के टूर्नामेंट और मैचों पर भी असर पड़ सकता है, आईसीसी ने संकेत दिया है कि वह इस मामले में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरतेगी।
