लोकतंत्र सवेरा : देश की राजधानी दिल्ली से सामने आया एक सनसनीखेज मामला पूरे देश को झकझोर गया है। ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके में 22 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या के मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में जो खुलासे हुए हैं, वे इस वारदात को और भी भयावह बना रहे हैं।



पुलिस के मुताबिक, पीड़िता इंजीनियरिंग ग्रेजुएट थी और सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही थी। घटना के वक्त वह घर में अकेली थी। इसी दौरान आरोपी ने घर में घुसकर पहले उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर मोबाइल चार्जर के तार से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इस निर्मम वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती……
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने इस घटना से कुछ घंटे पहले ही अलवर में भी एक महिला के साथ दुष्कर्म किया था। यानी महज दो दिनों के भीतर उसने दो अलग-अलग जगहों पर महिलाओं को अपना शिकार बनाया—एक की जान ले ली, दूसरी को हैवानियत का शिकार बनाया। अलवर की पीड़िता आरोपी के परिचित परिवार से जुड़ी बताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी पहले मृतका के घर में घरेलू सहायक के रूप में काम कर चुका था। हाल ही में उसे नौकरी से निकाला गया था। उस पर अन्य कर्मचारियों से उधार लेकर पैसा न लौटाने के आरोप भी थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से उसके मन में बदले की भावना पनपी।
आरोपी को द्वारका के एक होटल से दबोचा गया। फिलहाल पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक इतिहास, मानसिक स्थिति और अन्य संभावित वारदातों में संलिप्तता की जांच जारी है।
बड़ा सवाल……
क्या यह सब पहले से रची गई साजिश थी या अचानक उभरी दरिंदगी का नतीजा ? दो दिनों में दो जघन्य अपराध—यह महज एक केस नहीं, बल्कि एक खतरनाक पैटर्न की ओर इशारा है।
दिल्ली से लेकर अलवर तक इस घटना ने लोगों के मन में डर और असुरक्षा की गहरी लकीर खींच दी है। अब सभी की नजरें जांच एजेंसियों पर टिकी हैं—ताकि सच सामने आए और दरिंदगी को सख्त सजा मिले।
