चाईबासा : चाईबासा ट्रेजरी से नौ सालों तक पुलिस विभाग के खजाने से 26 लाख 21 हजार 717 रुपए का ट्रांसफर पांच से अधिक बैंक खातों में हुआ है। यह पैसा पुलिसकर्मियों के लंबित वेतन, पेंशन व अन्य मद के फंड हैं। यह करामात चाईबासा एसपी ऑफिस में लेखा विभाग में कार्यरत सिपाही देवनारायण मुर्मू ने किया है. आरक्षी सं 1184 है। वह साल 2017 से 2025 तक लेखा विभाग में कार्यरत रहा है। ट्रेजरी से अवैध तरीके से पैसे निकासी मामले में उसके अलावे उसके जीजा, साला और दोस्त भी गिरफ्तार हो गए हैं। खास बात यह है कि देवनारायण मुर्मू फुटबॉलर भी है। वह पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड के माको गांव का रहनेवाला है।



साल 2009 में वह पुलिस में बहाल हुआ था। एसपी ऑफिस में तैनाती के दौरान ही उसने किंगफिशर एफसी नाम से फुटबॉल क्लब बनाया था। जिसमें फुटबॉल खिलाड़ियों को हायर कर खुस्सी भेड़ा टूर्नामेंट से लेकर बड़े-बड़े प्रीमियर फुटबॉल लीग में टीम को खेलाता रहा है। यूट्यूब में भी वह चर्चित है। बहरहाल उसके खिलाफ चाईबासा मुफ्फसिल थाना कांड सं0-69/2026 दर्ज किया।
