नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी के द्वारका जिले के छावला थाना क्षेत्र में एक लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही महिला की उसके साथी ने ही हत्या कर दी। आरोपी ने गला घोंटकर वारदात को अंजाम दिया और शव को अपनी कार में छिपा दिया। हत्या की वजह शराब पीने को लेकर हुआ मामूली विवाद बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस संपत्ति और पैसों के लेनदेन को लेकर भी जांच कर रही है।



उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि 26 नवंबर को सुबह करीब 9:15 बजे छावला पुलिस स्टेशन को एक पी.सी.आर. कॉल मिली। कॉल में बताया गया कि दीनपुर एक्सटेंशन, दिल्ली में एक कार के अंदर एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस को मौके पर एचआर नंबर की एक स्विफ्ट कार बंद हालत में मिली, जिसकी पिछली सीट पर महिला का शव पड़ा था। पुलिस के शुरुआती जांच में पता चला कि मृतका, दीन पुर एक्सटेंशन, नजफगढ़ निवासी वीरेंद्र सिंह (35) के साथ लिव इन में रह रही थी। दोनों के बीच पिछली रात से ही झगड़ा चल रहा था। मौके पर मौजूद वीरेंद्र सिंह से जब पूछताछ की गई और मृतका के चेहरे पर चोट व खरोंच के निशान देखे गए, तो पुलिस का शक गहराया।
क्राइम टीम और एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल के निरीक्षण और फोटोग्राफी के बाद, वीरेंद्र कुमार से सख्ती से पूछताछ की गई। उसने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि जब महिला ने उसे शराब पीने से रोका, तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। गुस्से में उसने महिला का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाने की नीयत से अपनी कार की पिछली सीट पर छिपा दिया। मृतका की पहचान उसके परिवार ने की है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए आरटीआर अस्पताल में सुरक्षित रखवा दिया गया है।
उपायुक्त ने आगे बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि वीरेंद्र और मृतका ने राजनगर में एक मकान बेचा था और आरोपी वीरेंद्र ने दीनपुर वाला फ्लैट अपने नाम पर खरीदा था। आरोपी वीरेंद्र के घर से 21 लाख रुपये की नक़दी भी बरामद हुई है, जो हत्या के पीछे संपत्ति या पैसों के लेनदेन के विवाद की ओर भी इशारा करती है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की गहन जांच शुरू कर दी है।
