जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के पास महुआ चुनने गई 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की एक युवक ने पत्थर से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके से पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।



मृतका की पहचान बुस्की मुर्मू (65) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वह सोमवार सुबह रोज की तरह गांव के समीप स्थित महुआ पेड़ के नीचे महुआ इकट्ठा करने गई थीं। इसी दौरान गांव का ही युवक राम सरदार वहां पहुंचा और अचानक उन पर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ है। उसने बिना किसी उकसावे के बुजुर्ग महिला पर भारी पत्थर से ताबड़तोड़ वार कर दिया। सिर पर लगातार किए गए हमले में महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। महिला को खून से लथपथ हालत में पड़ा देख ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। इस बीच भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को ग्रामीणों ने घेरकर पकड़ लिया और रस्सी से बांध दिया। इसके बाद तत्काल कोवाली थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव और सब-इंस्पेक्टर सहदेव सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में आरोपी के मानसिक रूप से अस्थिर होने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों की भी गहन पड़ताल कर रही है। घटना से गांव में दहशत और शोक का माहौल है, जबकि मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



