जमशेदपुर : टेल्को कॉलोनी निवासी राजेश गिरी साइबर ठगी के शिकार हो गए। साइबर ठग ने फोन कर ओटीपी हासिल किया और कुछ ही देर में उनके बैंक खाते से 63,200 रुपये उड़ा लिए। घटना 3 सितंबर की है। मामले में टेल्को थाना पुलिस ने शनिवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार, साइबर ठग ने राजेश को फोन कर मोबाइल पर आने वाले ओटीपी की जानकारी मांगी। भरोसे में आकर राजेश ने ओटीपी बता दिया। इसके बाद उनके बैंक खाते से लगातार 63,200 रुपये की निकासी हो गई। ठगी का अहसास होते ही उन्होंने पुलिस से शिकायत की. पुलिस ने जिस मोबाइल नंबर से फोन आया था, उसके धारक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। टेल्को थाना प्रभारी के अनुसार, प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

साइबर ठगों के निशाने पर जमशेदपुर……
जमशेदपुर में साइबर ठगी की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। ठग कभी ओटीपी, कभी बैंक अपडेट तो कभी केवाईसी के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। पूर्वी सिंहभूम के जादूगोड़ा इलाके में भी साइबर ठगी से जुड़े मामलों को लेकर पुलिस की सक्रियता बढ़ी है। ऐसे में लोगों से अपील है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंकिंग पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें।
