जमशेदपुर : मानगो स्थित वर्कर्स कॉलेज में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कॉलेज के मुख्य प्रवेश द्वार का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। यह छज्जा ए ब्लॉक जाने वाले मार्ग पर स्थित था, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और कर्मचारी आवाजाही करते हैं. घटना के समय कॉलेज में कक्षाएं संचालित हो रही थीं और परिसर में सामान्य दिनों की तरह गतिविधियां जारी थीं। अचानक तेज आवाज के साथ छज्जा गिरने से मौके पर मौजूद लोग घबरा गए और कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। कई छात्र-छात्राएं छज्जे के नीचे आने से बाल-बाल बच गए।



सूचना मिलते ही कॉलेज प्रबंधन और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। सुरक्षा की दृष्टि से तत्काल टूटे हुए मलबे को हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया. छात्रों ने बताया कि मुख्य द्वार का छज्जा लंबे समय से जर्जर अवस्था में था। इसकी खराब हालत को लेकर कई बार कॉलेज प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई। घटना के बाद छात्रों और अभिभावकों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। छात्रों ने मांग की है कि कॉलेज परिसर के सभी जर्जर भवनों और संरचनाओं की शीघ्र मरम्मत कराई जाए तथा सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू किया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।