जमशेदपुर : शहर में ट्रैफिक चालान को लेकर एक अनोखा और विवादित मामला सामने आया है। नशे में वाहन चलाने के आरोप में 10 हजार रुपये का चालान कटने के बाद एक व्यक्ति सीधे एसएसपी कार्यालय पहुंच गया और कार्यालय परिसर के बाहर अपनी कार में बैठकर शराब पीने लगा। इतना ही नहीं, उसने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।



जानकारी के अनुसार, बुधवार रात बिष्टुपुर ट्रैफिक पुलिस द्वारा सोनारी स्थित साईं मंदिर के समीप नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सोनारी निवासी संजय सिंह को जांच के लिए रोका गया। पुलिस ने ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि होने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत उन पर 10 हजार रुपये का चालान लगाया गया।
हालांकि संजय सिंह ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि उन्होंने शराब का सेवन नहीं किया था। उनका आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने कई बार ब्रेथ एनालाइजर में जांच कर शराब पीने की पुष्टि दर्शाई। उन्होंने कहा कि वह शराब लेकर जा रहे थे, लेकिन उसका सेवन नहीं किया था।
निजी खाते में राशि जमा कराने का लगाया आरोप…….
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि चालान की राशि सरकारी खाते में जमा कराने के बजाय उन्हें एक पुलिसकर्मी के निजी खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर करने के लिए कहा गया। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मी का नाम लाल बिहारी राम बताते हुए दावा किया कि चालान की राशि उनके व्यक्तिगत बैंक खाते में जमा कराई गई।
चालान के बाद सीधे पहुंचा SSP कार्यालय के बाहर……
व्यक्ति का आरोप है कि चालान कटने के बाद कुछ पुलिसकर्मियों ने उससे कहा कि अब वह 24 घंटे तक कहीं भी शराब पी सकता है। इसके बाद वह सीधे एसएसपी कार्यालय पहुंच गया और कार्यालय के बाहर अपनी कार में बैठकर शराब पीते हुए वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पूरे शहर में इसकी चर्चा होने लगी।


