जमशेदपुर : शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे सोनारी थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक मधुसूदन डे सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे. निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना की कार्यप्रणाली, रात्रि गश्ती व्यवस्था तथा अपराध नियंत्रण से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को रात के समय सघन गश्ती एवं एंटी क्राइम चेकिंग अभियान नियमित रूप से चलाने का निर्देश दिया, ताकि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली अड्डेबाजी पर रोक लगाने, अवैध आग्नेयास्त्र, अवैध चाकू एवं अन्य प्रतिबंधित हथियारों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित जांच करने के निर्देश भी दिए. उन्होंने कहा कि शहर में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी सतर्कता के साथ कार्य करे और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

