जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित जेसु भवन के समीप बुधवार को वाहन जांच के दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हो गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी ट्रैफिक नीरज ने जांच के आदेश दिए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


















जानकारी के अनुसार, उक्त स्थान पर नियमित रूप से वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने ट्रैफिक पुलिस पर अनावश्यक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर कांग्रेस नेता शहनवाज़ भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि आसपास के फ्लैटों से अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने या दैनिक कार्यों से निकलने वाले लोगों को एएसआई अरविंद द्वारा रोका जाता है और जबरन चालान काटा जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि कई लोगों को चालान की धमकी दी जाती है, जिससे क्षेत्र में नाराजगी बढ़ रही है।
वहीं, एक युवक ने आरोप लगाया कि बंगाल नंबर की एक गाड़ी को रोककर उसका ड्राइविंग लाइसेंस जब्त कर लिया गया। युवक का कहना है कि विरोध करने पर पुलिसकर्मी द्वारा राजनीतिक लोगों को बुलाने की बात कही गई, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
हालांकि, इन आरोपों को खारिज करते हुए एएसआई अरविंद ने कहा कि सभी आरोप निराधार हैं। उनके अनुसार, संबंधित वाहन के पास वैध कागजात नहीं थे और उसे छोड़ने के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा था। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों के विरुद्ध जाकर किसी वाहन को छोड़ना संभव नहीं है।
एएसआई ने बताया कि उन्होंने युवक को उच्च अधिकारी, जैसे डीएसपी से संपर्क करने की सलाह दी थी। इसके बाद युवक द्वारा कई लोगों को मौके पर बुला लिया गया, जिससे विवाद बढ़ गया. फिलहाल मामला आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित है। वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
