जमशेदपुर : शहर में फायरिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला कदमा थाना क्षेत्र का है, जहां पुरानी रंजिश को लेकर अपराधियों ने एक युवक पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। हालांकि युवक बाल-बाल बच गया। घटना बुधवार की बताई जा रही है, जबकि गुरुवार को इस संबंध में कदमा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।



जानकारी के अनुसार कदमा थाना क्षेत्र के रामजनमनगर स्थित बिहारी बस्ती के समीप मरीन ड्राइव पर समीर नाग अपने दो दोस्तों सन्नी गुप्ता और विकास तांती के साथ खड़ा था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर छह युवक वहां पहुंचे और पुराने विवाद को लेकर समीर के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने ईंट-पत्थरों से हमला किया, जिससे समीर घायल हो गया, जबकि उसके दोनों साथियों को भी हल्की चोटें आईं।
समीर नाग ने आरोप लगाया है कि मारपीट के बाद आंसू कर्मकार ने उस पर तीन राउंड फायरिंग की। गोलीबारी होते ही समीर और उसके साथी वहां से भाग निकले, जिससे उनकी जान बच गई। समीर ने बताया कि आंसू कर्मकार के साथ उसका पुराना विवाद चल रहा है। घटना के बाद समीर नाग की शिकायत पर कदमा थाना में आंसू कर्मकार, विशाल कर्मकार, शुभम लोहार, साहिल शेख, विकास मुंडा समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा बरामद किया है।
कदमा थाना पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है तथा मामले की गहन जांच जारी है।


