जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डबल डाउन (डीडी) पब एंड बार के बाहर शनिवार देर रात हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बार मालिक भाजपा नेता नीरज सिंह समेत 10 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है। घटना में सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर निवासी करणी सेना युवा के जिला अध्यक्ष हिमांशू सिंह और उनके साथी प्रत्यूष गंभीर रूप से घायल हुए थे। दोनों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

मामले में आदित्यपुर के हरिओम नगर निवासी अरविंद सिंह के आवेदन पर बिष्टुपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एफआईआर में 10 नामजद आरोपियों के अलावा अन्य अज्ञात लोगों को भी अभियुक्त बनाया गया है।
बार मालिक समेत 10 लोग नामजद……
एफआईआर में डबल डाउन बार के मालिक भाजपा नेता नीरज सिंह, सह-मालिक विजय कुमार, गम्हरिया के धातकीडीह निवासी सोनू राम सरदार उर्फ सोनू मंडल, विश्वनाथ मंडल, राहुल, राज लोहार, अमित लोहार, अर्जुन लोहार, गणेश लोहार तथा घाघीडीह निवासी लखन मार्डी को नामजद किया गया है। पुलिस ने घटना के दौरान मौके से सोनू राम सरदार और राज लोहार को गिरफ्तार कर लिया था। उनके पास से वारदात में प्रयुक्त चापड़ भी बरामद किया गया है।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात……
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज में पुलिस की मौजूदगी के बीच आरोपियों द्वारा दोनों युवकों पर चापड़ से हमला करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी बीच-बचाव का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं, लेकिन हमलावर लगातार हमला करते रहे। एक आरोपी को पुलिसकर्मी पकड़ने में सफल भी हुए, इसके बावजूद वह पुलिस की पकड़ में रहते हुए हमला करता नजर आया।
छेड़छाड़ का आरोप बना विवाद की वजह!……
सूत्रों के अनुसार, बार के अंदर किसी मामूली बात को लेकर युवकों और बार कर्मियों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद युवकों पर डांसर से छेड़छाड़ का आरोप लगाया गया और देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया। हालांकि, इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है। मामले की जांच जारी है।
बार को लेकर पहले भी उठते रहे हैं सवाल……
स्थानीय लोगों के अनुसार, डबल डाउन पब एंड बार में मारपीट और विवाद की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। ताजा घटना के बाद बार की सुरक्षा व्यवस्था और संचालन को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
करणी सेना का फूटा गुस्सा……
घटना के विरोध में करणी सेना के पदाधिकारी सोमवार को बिष्टुपुर थाना पहुंचे और थाना प्रभारी से मुलाकात कर सभी आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की। संगठन ने घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए उन्हें तत्काल निलंबित करने की मांग की है।
करणी सेना का कहना है कि पुलिस की मौजूदगी में दो युवकों पर जानलेवा हमला होना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मुख्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

