जमशेदपुर : जमशेदपुर में एक बार फिर चेन स्नैचिंग की घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोनारी थाना क्षेत्र के एच-रोड के पास शनिवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो अपराधियों ने एक बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद भाग रहे दोनों अपराधियों की बाइक आगे जाकर एक बड़े वाहन से टकरा गई। हादसे के बाद दोनों बदमाश बाइक मौके पर ही छोड़कर पैदल फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनारी निवासी अर्चना श्रीवास्तव किसी निजी कार्य से ए-रोड गई थीं। काम पूरा करने के बाद वह पैदल एच-रोड स्थित अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए दो अपराधियों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और तेज रफ्तार से फरार होने लगे. भागने के क्रम में अपराधियों की बाइक आगे जाकर एक बड़े वाहन से टकरा गई, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े। आसपास लोगों की भीड़ जुटती देख और पकड़े जाने के भय से दोनों आरोपी अपनी बाइक वहीं छोड़कर दौड़ते हुए फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लावारिस बाइक को जब्त कर लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा बाइक के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है. इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने शहर में बढ़ रही छिनतई की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और गश्त बढ़ाने की मांग की है।