जमशेदपुर : कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की जांच अब सोनारी स्थित एक न्यूज चैनल के कार्यालय तक पहुंच गई है। सोमवार को चांडिल और बिष्टुपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने सोनारी स्थित उक्त कार्यालय में पहुंचकर घंटों जांच-पड़ताल की। पुलिस टीम ने कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों, सामान और अन्य संभावित साक्ष्यों को बारीकी से खंगाला। अचानक पहुंची पुलिस कार्रवाई से कार्यालय परिसर में हलचल मच गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि निखार सबलोक हत्याकांड से जुड़े किसी व्यक्ति का उक्त कार्यालय से संपर्क रहा था या नहीं और क्या हत्या से पहले अथवा बाद में यहां से किसी प्रकार की गतिविधि संचालित हुई थी। हालांकि, कार्यालय में जांच के दौरान पुलिस को क्या-क्या मिला या कोई सामान बरामद हुआ है या नहीं, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आयी है।
24 अगस्त को हुई थी निखार सबलोक की हत्या……
गौरतलब है कि 24 अगस्त 2026 को चांडिल थाना क्षेत्र स्थित टेंथ माइल स्टोन होटल के पास कारोबारी निखार सबलोक पर गोलीबारी की गयी थी। गंभीर रूप से घायल निखार को इलाज के लिए जमशेदपुर के टीएमएच लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी थी। घटना के बाद पुलिस ने जमीन कारोबार, आपसी रंजिश और आपराधिक गिरोहों से जुड़े विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू की।
राघव कनेक्शन की भी खंगाली जा रही कड़ी……
हत्याकांड में अशोक सिंह राघव को मुख्य आरोपी बताया गया है। पुलिस की जांच में उसके कथित संपर्क और इस न्यूज चैनल से जुड़े कनेक्शन की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस के अनुसार, राघव के मोबाइल फोन से निखार सबलोक की तस्वीर मिलने और एक आरोपी को रुपये ट्रांसफर किए जाने से संबंधित साक्ष्य सामने आए हैं। मामले में राघव समेत छह आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी पुलिस की ओर से दी गयी है. फिलहाल पुलिस सोनारी स्थित कार्यालय में हुई जांच के दौरान मिले तथ्यों और हत्याकांड से जुड़े आरोपियों के संपर्कों के बीच कड़ी जोड़ने में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कार्यालय से हत्याकांड से संबंधित कोई प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष गतिविधि संचालित हुई थी या नहीं। जांच पूरी होने के बाद ही पुलिस कार्रवाई की तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।