जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो स्थित एमजीएम अस्पताल में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां इलाजरत एक विचाराधीन कैदी ने सात मंजिला भवन से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक का नाम अशोक कुमार है।



गौरतलब है कि अशोक कुमार पहले से ही मानसिक तनाव से गुजर रहा था। बताया जाता है कि उसने जेल के अंदर भी खुद का गला काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी, लेकिन समय रहते जेल प्रशासन ने उसे बचा लिया था। इसके बाद उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया था।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर उसे कैदी वार्ड से डॉक्टर के पास ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने पुलिसकर्मी का हाथ छुड़ा लिया और अचानक सातवीं मंजिल से कूद गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद एक बार फिर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. बताया जाता है कि अशोक कुमार लंबे समय से जेल में बंद था और मानसिक रूप से अस्वस्थ था। उसके बेहतर इलाज के लिए उसे रांची भी भेजा गया था, जहां उसका इलाज चल रहा था।
गौरतलब है कि एमजीएम अस्पताल में ऊपर की मंजिलों में कई क्षेत्र ऐसे हैं जो खुले हुए हैं। यहां से कूद कर आत्महत्या की जा सकती है। वार्ड की खिड़कियों में स्लाइडर लगा है, लेकिन जालियां नहीं लगीं। पहले भी मरीज यहां से कूद कर आत्महत्या कर चुके हैं। लेकिन अभी तक एमजीएम अस्पताल के अधिकारी होश में नहीं आए।
