जमशेदपुर : मानगो थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए जवाहर नगर रोड नंबर-15 स्थित पानी टंकी के पास से एक युवक को ब्राउन शुगर जैसी प्रतिबंधित मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 71 पुड़िया बरामद की है, जिनका पुड़िया सहित कुल वजन 10.46 ग्राम बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर को वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम को गुप्त सूचना मिली थी कि मानगो थाना क्षेत्र के जवाहर नगर रोड नंबर-15 स्थित पानी टंकी के आसपास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में मानगो पुलिस टीम ने सशस्त्र बल के साथ मौके पर छापेमारी की।
इसी दौरान रात करीब 8:20 बजे पानी टंकी के पास एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस बल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान समशाद खान (19), पिता मोहम्मद जमिल खान, रोड नंबर-09, जवाहर नगर, मानगो के रूप में हुई. पुलिस के मुताबिक, मौके पर पहुंचे राजपत्रित पदाधिकारी की मौजूदगी में विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान युवक के मैरून रंग के कुर्ते की दाहिनी जेब से हरे कागज में लिपटी 71 पुड़िया ब्राउन शुगर जैसा भूरा पदार्थ बरामद हुआ। इसके अलावा उसके पास से 200 रुपये नकद भी बरामद किए गए। बरामद पदार्थ को जब्त कर पुलिस ने आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
साथियों के साथ मिलकर करता था कारोबार……
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने बताया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करता है। पुलिस अब इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
पहले से दर्ज है आपराधिक मामला…..
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार समशाद खान के खिलाफ मानगो थाना में वर्ष 2022 में भी मामला दर्ज है। मानगो थाना कांड संख्या-169/2022, दिनांक 22 मई 2022 में उसके खिलाफ धारा 364A, 302, 201, 379, 411 और 120B भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया था।
छापेमारी टीम…….
कार्रवाई में मानगो थाना के थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक वीरेंद्र कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक जफर अंसारी, रवि कुमार, महेंद्र कुमार, सहायक अवर निरीक्षक उमाशंकर राम तथा मानगो थाना के सशस्त्र बल शामिल थे. पुलिस ने बताया कि मानगो थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
