जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर विगत तीन वर्षों से यात्री ट्रेनों की लगातार हो रही लेटलतीफी को लेकर रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पश्चिमी जमशेदपुर के विधायक सरयू राय ने की, जबकि आयोजन ‘रेल यात्री संघर्ष समिति’ के संयोजक शिव शंकर सिंह के केबुल टाउन स्थित कार्यालय में हुआ।


बैठक में समिति के सदस्यों ने कहा कि पिछले कई वर्षों से अधिकांश यात्री ट्रेनें घंटों विलंब से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस मुद्दे को लेकर पूर्व में विधायक सरयू राय के नेतृत्व में टाटानगर स्टेशन पर धरना-प्रदर्शन और आंदोलन भी किया गया था, लेकिन उसके बावजूद रेलवे प्रबंधन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई।
संयोजक शिव शंकर सिंह ने नाराजगी जताते हुए कहा कि आंदोलन के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। ऐसे में समिति ने निर्णय लिया है कि सोमवार को रेलवे प्रबंधक को एक ज्ञापन सौंपा जाएगा, ताकि यात्रियों की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया जा सके।
बैठक में सर्वसम्मति से यह भी तय किया गया कि आगामी 26 अप्रैल को टाटानगर स्टेशन पर रेलवे प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसके तहत एक व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा, जिसमें शहर के अधिक से अधिक लोगों को शामिल होने की अपील की गई है. इस बैठक में जदयू अजय कुमार महानगर अध्यक्ष और सुबोध श्रीवास्तव पूर्वी सिंहभूम अध्यक्ष, सुधीर सिंह, अजय कुमार, आजसू जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष कन्हैया सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

