रांची : एलजेपी विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरव के कथित अपहरण और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए सौरव को बरामद कर लिया है। पुलिस अब घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है. सिटी एसपी पारस राणा के अनुसार, एमिटी यूनिवर्सिटी के बाहर छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद के बाद मारपीट हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक पक्ष के कुछ लोग वहां शराब का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष से कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते विवाद और मारपीट में बदल गई।

जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने का आरोप……
पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान एक युवक को जबरन वाहन में बैठाया गया। आरोप है कि वाहन में उसके साथ मारपीट की गई और उसे अलग-अलग इलाकों में घुमाने के बाद विधानसभा क्षेत्र के पास छोड़ दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संभावित ठिकानों पर तलाश की।
फोन कॉल और तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच……
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि विवाद से पहले दोनों पक्षों के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। पुलिस कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि विवाद की वास्तविक वजह और घटनाक्रम स्पष्ट हो सके. सिटी एसपी ने बताया कि घटना में शामिल लोगों के शराब के नशे में होने की बात जांच में सामने आई है। हालांकि, पूरे मामले में किसकी क्या भूमिका रही, इसकी जांच जारी है। पुलिस संबंधित लोगों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।
