सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र स्थित जोयदा मंदिर के समीप स्वर्णरेखा नदी में रील बनाने के दौरान डूबे युवक का मंगलवार देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिल पाया। पुलिस गोताखोरों की मदद से नदी में लगातार उसकी तलाश कर रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है।



जानकारी के अनुसार सोनारी आदर्शनगर निवासी प्रेम कुमार (23) सोमवार शाम अपने मित्र आशुदेव कुमार के साथ बाइक से घूमने निकला था। दोनों चांडिल क्षेत्र में घूमने के बाद लौटने के क्रम में जोयदा मंदिर पहुंचे। यहां दोनों ने नदी में स्नान करने का निर्णय लिया। बताया जाता है कि प्रेम पहले नदी में उतरा, जबकि उसका साथी मोबाइल से वीडियो (रील) बना रहा था। इसी दौरान प्रेम अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रेम को डूबता देख उसका साथी शोर मचाने लगा। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसकी तलाश की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही चांडिल एवं चौका थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और गोताखोरों की सहायता से खोजबीन शुरू कराई। हालांकि अंधेरा होने के कारण सोमवार रात रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा।
मंगलवार सुबह से एक बार फिर गोताखोरों को नदी में उतारा गया और युवक की तलाश शुरू की गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई पता नहीं चल पाया था। पुलिस ने नदी किनारे से प्रेम के कपड़े बरामद किए हैं। वहीं घटना के संबंध में उसके साथी आशुदेव कुमार से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


