जमशेदपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर क्रीड़ा भारती, कोशिश एक मुस्कान लाने की एवं लक्ष्मीनारायण मंदिर जीर्णोद्धार समिति के संयुक्त तत्वावधान में केबुल टाउन स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर प्रांगण में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन डीबीएमएस के ट्रस्टी एवं टाटा स्टील के पूर्व अधिकारी बी. चंद्रशेखर तथा क्रीड़ा भारती के अध्यक्ष शिव शंकर सिंह ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर क्रीड़ा भारती के प्रांत कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार जैन, कुलविंदर सिंह पन्नू, रामरेखा सिंह, अरुण ठाकुर, शंकर अग्रवाल, अजय सिन्हा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान शिव शंकर सिंह एवं आयोजन समिति के संयोजक कुशल राजू ने मुख्य अतिथि बी. चंद्रशेखर तथा योग प्रशिक्षक नवीन चौरसिया और अर्चना चौरसिया को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में शिव शंकर सिंह ने उपस्थित सभी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों एवं विद्यालयों का अभिनंदन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि योग केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली की शुरुआत का माध्यम है। उन्होंने खराब मौसम के बावजूद समय पर पहुंचने वाले विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों और शिक्षकों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
मुख्य अतिथि बी. चंद्रशेखर ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जिसे प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन के किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए शारीरिक और मानसिक संतुलन आवश्यक है, जो योग के माध्यम से संभव है।
योग प्रशिक्षक नवीन चौरसिया एवं अर्चना चौरसिया ने प्रतिभागियों को वार्मअप से शुरुआत कर विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने योग की बारीकियों, उसके वैज्ञानिक महत्व तथा शास्त्रीय आधार की भी विस्तार से जानकारी दी। उपस्थित लोगों ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास में भाग लिया।


कार्यक्रम के अंत में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं एवं विद्यालयों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। शिविर को सफल बनाने में क्रीड़ा भारती के महानगर मंत्री सुभाष कुमार, सह संयोजक करमजीत सिंह कम्मे, अनुराग कुमार, काजल कुमारी, सुलोचना मुंडा, पुतुल सिंह, सुमित कुमार, गौतम गोप, गीता जी, गणेश जायसवाल, बाबला, कुणाल शर्मा, पीयूष ईशू, राजेश सिंह, अनूप सिंह राजा, महेश लारोरकर, अभय सिंह, दिलीप दत्ता, गणेश, अमित शर्मा, महेश ठाकुर, लालबाबू समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही।








