जमशेदपुर : सिदगोड़ा स्थित बड़ा कॉम्प्लेक्स के कचरा यार्ड क्षेत्र में पिछले कई दिनों से घूम रहा एक घायल एवं आक्रामक सांड स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था। सांड के आक्रामक व्यवहार के कारण कुछ लोगों के घायल होने की भी सूचना थी, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ था।



मामले की जानकारी मिलने पर जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के चिकित्सक डॉ. सागर हंसदा ने जन सेवा संघ ट्रस्ट से संपर्क कर रेस्क्यू अभियान में सहयोग का अनुरोध किया। सूचना मिलते ही वर्ष 2018 से जेएनएसी के साथ विभिन्न जनसेवा एवं पशु कल्याण कार्यों में सहयोग कर रही जन सेवा संघ ट्रस्ट की टीम सक्रिय हो गई. ट्रस्ट के सदस्य सूरज कुमार, प्रशांत सिन्हा एवं विशाल कुमार डॉ. सागर हंसदा की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद सांड को सुरक्षित तरीके से नियंत्रित कर रस्सी की सहायता से बांधा गया। इसके बाद उसे सुरक्षित रूप से कल्याडी गौशाला पहुंचाया गया, जहां उसके उपचार एवं देखभाल की व्यवस्था की गई है।
जन सेवा संघ ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने बताया कि संस्था वर्ष 2018 से जेएनएसी के साथ मिलकर पशु कल्याण एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य मानव और पशु, दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। किसी एक पशु के आक्रामक व्यवहार के आधार पर पूरी नस्ल के प्रति नकारात्मक धारणा नहीं बनानी चाहिए. इस सफल रेस्क्यू अभियान के बाद स्थानीय लोगों ने जेएनएसी और जन सेवा संघ ट्रस्ट की तत्परता एवं संवेदनशील पहल की सराहना की है।



