जमशेदपुर : NATURE संस्था द्वारा संचालित इंटर्नशिप कार्यक्रम के तहत राजनीति विज्ञान की छात्राओं ने शुक्रवार को पश्चिम बागबेड़ा पंचायत के बड़ौदा घाट स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का शैक्षणिक भ्रमण (फील्ड विजिट) किया। इस दौरान छात्राओं ने महिला एवं बाल विकास से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा और उनके जमीनी क्रियान्वयन का अध्ययन किया।



फील्ड विजिट का उद्देश्य छात्राओं को भारतीय प्रशासनिक व्यवस्था, सार्वजनिक नीतियों के क्रियान्वयन तथा स्थानीय स्तर पर संचालित कल्याणकारी योजनाओं की वास्तविक स्थिति से अवगत कराना था। दौरे के दौरान छात्राओं ने एकीकृत बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) योजना के तहत संचालित गतिविधियों का अवलोकन किया।
आंगनबाड़ी सेविका रीता पात्रों ने छात्राओं को बताया कि केंद्र के माध्यम से गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं, टीकाकरण, पोषण परामर्श तथा बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जाते हैं। उन्होंने ‘मिशन पोषण’ के तहत दी जाने वाली सेवाओं और पोषण संबंधी जागरूकता कार्यक्रमों की भी जानकारी दी।
छात्राओं ने केंद्र में बच्चों को दी जा रही पूर्व-प्राथमिक शिक्षा, खेल-आधारित शिक्षण गतिविधियों तथा ‘आधारशिला’ एवं ‘मिशन सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण 2.0’ के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने जाना कि आंगनबाड़ी केंद्र किस प्रकार पंचायती राज व्यवस्था और स्थानीय स्वशासन की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इंटर्नशिप समन्वयक डॉ. कविता परमार ने कहा कि राजनीति विज्ञान का अध्ययन केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रशासनिक तंत्र की कार्यप्रणाली को समझने के लिए ऐसे व्यावहारिक प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि फील्डवर्क के माध्यम से छात्राओं को नीति निर्माण और उसके क्रियान्वयन के बीच की कड़ी को समझने का अवसर मिलता है।
छात्राओं ने इस अनुभव को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इससे उन्हें शासन-प्रशासन और सामाजिक विकास योजनाओं को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिला है, जो भविष्य में उन्हें एक जागरूक नागरिक और बेहतर नीति-निर्माता बनने में मदद करेगा. मौके पर आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका एवं सहायिका के अलावा इंटर्नशिप समन्वयक डॉ. कविता परमार, पंचायत समिति सदस्य मनीषा हाईब्रू, वार्ड सदस्य रूपा सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।



