जमशेदपुर : नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी (एनएसयू), पोखारी परिसर में शनिवार को आयोजित वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव ‘बॉलीवुड नाइट-2026’ यादगार बन गया। बॉलीवुड की प्रसिद्ध पार्श्व गायिका शाल्मली खोलगड़े और चर्चित वीडीजे मान की शानदार प्रस्तुतियों ने हजारों छात्रों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। संगीत, रोशनी और उत्साह से सराबोर इस आयोजन ने विश्वविद्यालय परिसर को उत्सव के रंग में रंग दिया. कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह, कुलपति डॉ. प्रभात कुमार पाणी, प्रबंधन समिति के सदस्यों एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



अपने संबोधन में कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियां भी व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच प्रदान करते हैं।
कुलपति डॉ. प्रभात कुमार पाणी ने कहा कि नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को सांस्कृतिक अभिव्यक्ति के लिए भी बेहतर मंच उपलब्ध करा रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई और रचनात्मक गतिविधियों के बीच संतुलन बनाए रखने का आह्वान किया. कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बॉलीवुड गायिका शाल्मली खोलगड़े की प्रस्तुति रही। उन्होंने ‘परेशान’, ‘बलम पिचकारी’, ‘लत लग गई’, ‘दारू देसी’ और ‘बद्तमीज दिल’ सहित कई लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उनकी ऊर्जा से भरपूर प्रस्तुति पर छात्र-छात्राएं देर तक झूमते रहे। शाल्मली ने एनएसयू के छात्रों की ऊर्जा और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि यहां का उत्साह और स्वागत उनके लिए अविस्मरणीय रहेगा।
इसके बाद मंच पर पहुंचे प्रसिद्ध विजुअल डीजे वीडीजे मान ने आधुनिक साउंड, विजुअल इफेक्ट्स और बॉलीवुड मैशअप्स के जरिए माहौल को और रोमांचक बना दिया। उनके प्रदर्शन के दौरान पूरा परिसर एक विशाल डांस फ्लोर में तब्दील हो गया। छात्रों ने जमकर नृत्य किया और कार्यक्रम का आनंद उठाया. हजारों की भीड़ के बावजूद कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। विश्वविद्यालय प्रशासन, अनुशासन समिति, स्थानीय प्रशासन और छात्र स्वयंसेवकों ने सुरक्षा एवं व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली। विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई थी।
कार्यक्रम के समापन पर विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से शाल्मली खोलगड़े और वीडीजे मान को स्मृति चिह्न, शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। धन्यवाद ज्ञापन करते हुए विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार नागेंद्र कुमार ने कहा कि ‘बॉलीवुड नाइट-2026’ केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा, एकजुटता और विश्वविद्यालय की जीवंत संस्कृति का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि इस सफल आयोजन ने विश्वविद्यालय के सांस्कृतिक इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है और इसकी यादें लंबे समय तक विद्यार्थियों के बीच बनी रहेंगी।



