जमशेदपुर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को टेल्को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता टेल्को थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद ने की। इस अवसर पर नगर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) संजीव कुमार एवं जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त दंडाधिकारी अजय कुमार भी उपस्थित रहे।



बैठक में केंद्रीय शांति समिति, टेल्को थाना शांति समिति तथा विभिन्न मोहर्रम अखाड़ा कमेटियों के लाइसेंसी और सदस्य शामिल हुए। इस दौरान टेल्को एन-टाइप और बारीनगर क्षेत्र के मोहर्रम अखाड़ा कमेटी के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया। प्रमुख रूप से साफ-सफाई, बिजली एवं पेयजल की नियमित आपूर्ति, हुडको डैम स्थित निशान ठंडा करने वाले घाट की व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा खड़ंगाझार चौक की जर्जर सड़क की मरम्मत की मांग उठाई गई।
बैठक को संबोधित करते हुए डीएसपी संजीव कुमार ने कहा कि सभी मोहर्रम कमेटियों की जिम्मेदारी है कि वे निर्धारित समय पर अखाड़ा निकालें और समय पर जुलूस का समापन करें, ताकि अनुशासन और विधि-व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्षम है। किसी भी प्रकार की शरारती गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाएगी तथा कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
टेल्को थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद ने अखाड़ा कमेटियों से निर्धारित रूट का शत-प्रतिशत पालन करने और आपसी समन्वय के साथ जुलूस संचालित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।
दंडाधिकारी अजय कुमार ने सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि अफवाहों और भ्रामक प्रचार-प्रसार से बचना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि सोशल मीडिया या कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के माध्यम से कोई भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित होती है, तो इसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके. बैठक का संचालन केंद्रीय शांति समिति एवं थाना शांति समिति के सदस्य नंदलाल सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन आमिर अली अंसारी ने किया।
बैठक में केंद्रीय शांति समिति एवं टेल्को थाना शांति समिति के सदस्य ओमप्रकाश उपाध्याय, रियाजुद्दीन खान, चंद्रभान सिंह, इम्तियाज अहमद, शाहिद परवेज, मोहम्मद अलमताज, रिजवान उल्ला खान, निसार अहमद, मोहम्मद करीम, सोहेल खान राजू, रितेश शरण, जीतू सिंह, पंकज सिंह, श्रीकांत सिंह, मोहम्मद आजाद सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं समिति सदस्य उपस्थित थे।



