जमशेदपुर : मानगो नगर निगम क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ और सुचारू बनाने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण जलापूर्ति योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन योजनाओं पर कुल 1 करोड़ 41 लाख 41 हजार 549 रुपये खर्च किए जाएंगे। नगर निगम का दावा है कि योजनाओं के पूरा होने के बाद हजारों लोगों को नियमित और बेहतर पेयजल आपूर्ति का लाभ मिलेगा. मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने बताया कि निगम क्षेत्र में लंबे समय से जलापूर्ति नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिससे जल संकट से जूझ रहे इलाकों को राहत मिलेगी और पानी की आपूर्ति में सुधार होगा।



स्वीकृत योजनाओं में बागानशाही बावनगोड़ा चौक रोड संख्या-07 में वितरण पाइपलाइन का इंटरकनेक्शन, बीचा खान रोड से कुली रोड तक पाइपलाइन इंटरकनेक्शन, समता नगर और ठाकुर रोड क्षेत्र में नई पाइपलाइन एवं स्लूस वाल्व की स्थापना, शांति नगर रोड संख्या-06 से संजय पथ तक पाइपलाइन इंटरकनेक्शन समेत कई कार्य शामिल हैं. इसके अलावा जोन-1 और जोन-5 में 50 एचपी एवं 25 एचपी क्षमता के नए पंपों की स्थापना, गोकुल नगर में नई पाइपलाइन और वाल्व लगाने, एमजीडी जल शोधन संयंत्र (डब्ल्यूटीपी) मार्ग संख्या-15 जवाहर नगर में सफाई एवं मरम्मत कार्य, विभिन्न आकार के स्लूस वाल्व और एयर वाल्व की आपूर्ति तथा स्काई टावर से गुलजार बाग स्थित टायर दुकान तक वितरण पाइपलाइन इंटरकनेक्शन जैसी योजनाओं को भी मंजूरी दी गई है।
मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि इन योजनाओं के पूर्ण होने से जलापूर्ति नेटवर्क अधिक मजबूत होगा, पानी के दबाव में सुधार आएगा और कई क्षेत्रों में वर्षों से बनी हुई जल संकट की समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा। उन्होंने निगम के अभियंताओं और संबंधित एजेंसियों को सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया है, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके. उन्होंने कहा कि नगर निगम नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।



